देहरादून : रन फॉर योगा में दौड़े मुख्यमंत्री धामी, योग को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान
देहरादून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित “रन फॉर योगा” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और योग को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त अभियान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। यहां की आध्यात्मिक परंपरा और प्राकृतिक वातावरण पूरी मानवता को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली वैज्ञानिक जीवन पद्धति है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिली और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अवसाद और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नियमित योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ, ऊर्जावान और अनुशासित युवा ही राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई योग नीति के तहत योग एवं ध्यान केंद्रों को बढ़ावा देने के साथ ही योग प्रशिक्षकों को प्रोत्साहन और रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रतिदिन योग अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक विनोद चमोली, मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव आयुष रंजना राजगुरु, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : सविता रानी | देहरादून
