विकासनगर में अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस का अभियान, डाकपत्थर रोड तिराहे से हटाया गया फुटपाथ पर कब्जा

विकासनगर में अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस का अभियान, डाकपत्थर रोड तिराहे से हटाया गया फुटपाथ पर कब्जा
विकासनगर, देहरादून। विकासनगर में स्थानीय पुलिस ने एक बार फिर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाते हुए डाकपत्थर रोड तिराहे से मंडी चौक तक सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया। अभियान का नेतृत्व स्थानीय पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन गुसाईं ने किया।
पुलिस ने सड़क और फुटपाथ पर रखे गए सामान को हटवाते हुए व्यापारियों को सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी। इस दौरान पुलिस ने लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने और पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ खाली रखने की अपील भी की।
गौरतलब है कि नगर पालिका और स्थानीय पुलिस समय-समय पर संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करती है। इसके बावजूद कुछ व्यापारी कुछ दिनों बाद फिर से फुटपाथ और सड़क किनारे सामान रखकर अतिक्रमण कर लेते हैं। इससे पैदल चलने वालों को सड़क पर उतरना पड़ता है और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवल अभियान चलाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अतिक्रमण करने वालों पर प्रभावी और नियमित कार्रवाई की आवश्यकता है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • रिपोर्ट:- सविता रानी