विकासनगर में बंद मकान से चली गोली, एक युवक की मौत, महिला गंभीर घायल; तमंचा और कारतूस बरामद, जांच में जुटी पुलिस
देहरादून। विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक बंद मकान से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली की आवाज से पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विकासनगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस ने उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
कमरे के भीतर का दृश्य बेहद भयावह था। एक पुरुष खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा था, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल मिली। पुलिस ने तत्काल घायल महिला को 108 एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्राफिक एरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। महिला का इलाज जारी है।
मृतक की पहचान कमलेश पुत्र दौलत सिंह, निवासी हयो, थाना चकराता के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला की पहचान संगीता नेगी, पत्नी प्रीतम सिंह, निवासी ग्राम भटाणु, त्यूणी के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह मकान रविंद्र बिष्ट का है, जिसमें संगीता नेगी अपने दो बच्चों के साथ किराये पर रहती थी।
घटनास्थल से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, एक खाली खोखा तथा जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। फॉरेंसिक (फील्ड यूनिट) टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गोली किन परिस्थितियों में चली, घटना के पीछे क्या कारण थे और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
