देहरादून पुलिस को बड़ा झटका: एलआईयू इंस्पेक्टर मनोज मनराल का हृदयाघात से निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस महकमे के लिए बेहद दुखद खबर सामने आई है। जनपद देहरादून में एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) के निरीक्षक पद पर तैनात निरीक्षक मनोज मनराल का हृदयाघात के कारण आकस्मिक निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने निरीक्षक मनोज मनराल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मूल रूप से जनपद अल्मोड़ा निवासी मनोज मनराल अपने सरल, सौम्य और शालीन व्यवहार के लिए जाने जाते थे। वे अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते थे। वर्ष 2002 में उपनिरीक्षक (एलआईयू) के पद पर पुलिस सेवा में भर्ती हुए और अपने उत्कृष्ट कार्यों के बल पर उन्होंने विभाग में अलग पहचान बनाई।
अक्टूबर 2025 से वे देहरादून जनपद में एलआईयू निरीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया और सहकर्मियों के बीच एक कर्मठ एवं अनुशासित अधिकारी के रूप में सम्मान प्राप्त किया।
उनके आकस्मिक निधन से न केवल पुलिस विभाग, बल्कि उनके शुभचिंतकों और परिचितों में भी गहरा दुख व्याप्त है। सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
PMT न्यूज़ – पहाड़ से मैदान तक परिवार भी दिवंगत निरीक्षक मनोज मनराल जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा ईश्वर से प्रार्थना करता है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
