ईस्ट हब टाउन की विवादित भूमि पर फिर चला बुलडोजर, विशाल गौतम ने प्रशासन का जताया आभार
देहरादून। विकासनगर क्षेत्र के ईस्ट हब टाउन में स्थित एक विवादित भूमि पर एक बार फिर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कथित अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। भूमि के दावेदार विशाल गौतम का कहना है कि यह उनकी नानी की पुश्तैनी संपत्ति है, जिसकी वैधानिक उत्तराधिकारी उनकी माता हैं। उनका आरोप है कि गोल्डन फॉरेस्ट से जुड़ी रिकॉर्ड संबंधी त्रुटि के कारण यह भूमि दूसरे खाते में दर्ज हो गई और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उनके अनुसार, इस भूमि पर निर्माण कार्य को लेकर स्टे आदेश भी लागू है।
विशाल गौतम का आरोप है कि इसके बावजूद कुछ लोगों ने दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने प्रशासन से शिकायत की, जिसके बाद एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार, तहसीलदार विवेक रजौरी तथा राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कथित अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की।
विशाल गौतम ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि ध्वस्तीकरण के बाद निर्माण सामग्री भी मौके से हटाई जाए, ताकि दोबारा निर्माण शुरू न हो सके।
हालांकि, इस मामले में जिन लोगों पर कब्जे के आरोप लगाए गए हैं, उनका पक्ष सामने नहीं आया है। मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण अंतिम निर्णय न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।
