भगवानपुर से समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ, संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

भगवानपुर से समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ, संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
मुख्यमंत्री धामी ने सिर पर कलश रखकर निकाली यात्रा, बोले—जन्म नहीं, श्रेष्ठ कर्म बनाते हैं व्यक्ति को महान
हरिद्वार/भगवानपुर।
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर हरिद्वार जनपद के भगवानपुर क्षेत्र स्थित चुड़ियाला में आयोजित कलश बंधन महारैली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने संत रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया और स्वयं अपने सिर पर कलश रखकर यात्रा में शामिल हुए।
कलश बंधन महारैली के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
समरसता और समानता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश को मंगल, शुभारंभ और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। भगवानपुर से शुरू किया गया यह अभियान संत रविदास जी के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का महाअभियान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक विषमताओं के दौर में समाज को प्रेम, समानता और मानवता का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति केवल जन्म से बड़ा नहीं होता, बल्कि उसके श्रेष्ठ कर्म और मानव सेवा ही उसे महान बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज से भेदभाव समाप्त करना और सभी वर्गों को समान अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। सामाजिक समरसता के बिना मजबूत और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव नहीं है।
डबल इंजन सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और यही संत रविदास जी के समरस समाज के विचारों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भगवानपुर क्षेत्र में करोड़ों की विकास परियोजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने भगवानपुर क्षेत्र में कराए जा रहे और पूर्ण किए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बहादुरपुर-सोनाली क्षेत्र में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य, लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से झील सौंदर्यीकरण, करीब 49 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक विद्यालय निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना तथा लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से नवीन तहसील भवन का निर्माण कराया गया है।
इसके अलावा क्षेत्र में सड़क, संपर्क मार्ग, सीसी रोड और हाईमास्ट लाइट सहित विभिन्न विकास कार्यों को भी गति दी गई है।
प्रदेश के सभी जिलों में पहुंचेगा कलश बंधन अभियान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सभी जिलों में कलश बंधन यात्रा संचालित किए जाने के लिए भाजपा के जिलाध्यक्षों को कलश प्रदान किए।
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि महापुरुषों के विचारों और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि संत रविदास जी की जन्मस्थली काशी के गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी को विभिन्न स्थानों पर कलश यात्राओं के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शुरू किया गया यह अभियान संत रविदास जी के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास है।
इस अवसर पर स्वामी निर्मलदास जी सहित विभिन्न संत-महात्माओं ने भी अपने विचार रखे और सामाजिक सद्भाव तथा मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिद्वार आशुतोष शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रुड़की मधु सिंह, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, भाजपा पदाधिकारी, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
भगवानपुर से शुरू हुआ यह समरसता संकल्प अभियान अब प्रदेश के विभिन्न जिलों तक पहुंचेगा और संत रविदास जी के समानता, मानवता एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेगा।

error: Content is protected !!