विकासनगर नगर पालिका बोर्ड बैठक में विकास कार्यों को मिली गति, कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
विकासनगर नगर पालिका परिषद की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत शहरी विकास विभाग अनुभाग-3, उत्तराखंड शासन की 13 जुलाई 2026 की अधिसूचना के तहत नियुक्त नामित सदस्यों के शपथ ग्रहण से हुई।
नगर पालिका अध्यक्ष बॉबी नौटियाल ने नामित सदस्यों संदीप मोगा, वैभव अग्रवाल, धीरेंद्र सिंह पटवाल एवं कुमारी कमलेश कश्यप को राष्ट्र निष्ठा एवं पद की शपथ दिलाई। इसके बाद बोर्ड बैठक की कार्रवाई प्रारंभ की गई।
बैठक का संचालन नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्री मनोज बिष्ट ने किया। बोर्ड द्वारा विभिन्न विकासात्मक एवं जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा के बाद कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
बैठक में शहरी स्वास्थ्य आरोग्य मंदिर के वर्तमान में संचालित फर्म को भुगतान की कार्रवाई के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही नगर पालिका की तहबाजारी, ट्रेडर्स लाइसेंस, पालतू पशु लाइसेंस तथा संपत्ति नामांतरण शुल्क से संबंधित उपविधियों की पुष्टि का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
भवनकर को बैंकों के माध्यम से ऑनलाइन जमा कराने की व्यवस्था पर भी सहमति बनी। वहीं नगर पालिका क्षेत्र के स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में चार-चार डस्टबिन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
पालिका के महत्वपूर्ण अभिलेखों को सुरक्षित रखने के लिए रिकॉर्ड रूम निर्माण, पार्किंग, टाउन हॉल एवं द्वितीय तल पर टीन शेड निर्माण तथा कार्यालय की छत पर 20 से 25 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाने की स्वीकृति भी दी गई।
इसके अलावा 28 फीट रोड स्थित पालिका मार्केट और फल-सब्जी मार्केट की छत की मरम्मत, सफाई कर्मचारियों के बैठने के लिए कक्ष निर्माण, कार्यालय एवं टाउन हॉल की मरम्मत तथा शौचालय निर्माण जैसे प्रस्तावों पर भी बोर्ड ने सहमति प्रदान की।
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अधिनियम 2026 की उपविधि, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं बच्चों के लिए उपलब्धता के अनुसार फर्नीचर एवं अन्य सामग्री, जेटिंग मशीन की खरीद, यूनिपोल होर्डिंग्स, स्मार्ट टीवी तथा सभी वार्डों में ओपन जिम निर्माण के प्रस्ताव भी शामिल रहे।
इसके अलावा एसडब्ल्यूएम प्लांट में श्रेडर एवं थर्माकोल के निष्पादन के लिए मशीन खरीद, सतीघाट स्थित गौशाला के निकट भूमि उपलब्ध होने पर विद्युत पशु शवदाह गृह निर्माण, सहारनपुर बस स्टैंड के निर्माण के साथ बोर्डिंग जोन बनाने की डीपीआर तथा विकासनगर मुख्य मार्ग पर स्वागत द्वार निर्माण की स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव भी पारित किए गए।
बोर्ड बैठक में विभिन्न वार्डों के सभासदों, नामित सदस्यों तथा पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में धर्मेंद्र ठाकुर, सबल सहरावत, अंकित जोशी, भारत कालडा, लवलेश शर्मा, पूजा राणा, सोनिया वर्मा, सुमन देवी और पूनम तोमर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
पालिका कर्मचारियों में सफाई निरीक्षक परमीत चौधरी, कर अधीक्षक मोहित पाठक, कर निरीक्षक मनोज कोहली, नवनीत गुप्ता, पवन कुमार, वंदना जोशी, नेहा, विनोद डिमरी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनहित और विकास पर रहा जोर
बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों से साफ है कि नगर पालिका क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता, ऊर्जा, अभिलेख संरक्षण, बाजारों के रखरखाव, सार्वजनिक सुविधाओं और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
विकासनगर नगर पालिका बोर्ड बैठक में विकास कार्यों को मिली गति, कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
