घंटाघर के पास फोटो फ्रेमिंग एवं लैमिनेशन की दुकान में लगी आग, दमकल और पुलिस ने पाया काबू
देहरादून। राजधानी देहरादून में चकराता रोड पर घंटाघर के नजदीक एक फोटो फ्रेमिंग एवं लैमिनेशन की दुकान में अचानक आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दुकान से धुआं उठता देख लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और फायर स्टेशन को दी।
पुलिस के अनुसार, प्रातः कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली नगर को चकराता रोड, घंटाघर के निकट स्थित फोटो फ्रेमिंग एवं लैमिनेशन की दुकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही चौकी धारा से पुलिस बल तथा फायर स्टेशन से दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने स्थिति को संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। पुलिस और फायर कर्मियों के संयुक्त प्रयास से कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
दुकान में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त
जानकारी के अनुसार उक्त दुकान राजकुमार पुत्र स्वर्गीय केशव दास, निवासी प्रकाश नगर, ईदगाह रोड, देहरादून की है, जबकि दुकान/भवन के स्वामी मयंक गोयल पुत्र राकेश गोयल, निवासी 14 चकराता रोड, देहरादून बताए गए हैं।
आग की चपेट में आने से दुकान में रखा फोटो फ्रेमिंग, लैमिनेशन तथा अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि आग लगने के दौरान किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा संभावित कारण
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना के दौरान दमकल और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास की दुकानों और भवनों तक फैलने से रोकने में सफलता मिली। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
घंटाघर के पास फोटो फ्रेमिंग एवं लैमिनेशन की दुकान में लगी आग, दमकल और पुलिस ने पाया काबू
