त्यौहारी सीजन में मिठाई और डेयरी प्रतिष्ठानों पर जिला प्रशासन की ताबड़तोड़ छापेमारी

मिठाइयों और खाद्य पदार्थों के लिए गए सैंपल, आनंदम स्वीट्स, 5 स्टार, कोहली स्वीट्स और कालरा स्वीट्स समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
देहरादून। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर देहरादून जिले में मिठाई, डेयरी, कैंटीन और रेस्टोरेंट समेत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर व्यापक निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान शुरू किया गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने तथा मिलावटखोरी की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसी क्रम में उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठित खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, साफ-सफाई, रख-रखाव और खाद्य सुरक्षा मानकों की स्थिति का जायजा लिया।
अभियान के दौरान आनंदम स्वीट्स, 5 स्टार स्वीट्स, कोहली स्वीट्स और कालरा स्वीट्स सहित अन्य खाद्य एवं डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम द्वारा विभिन्न मिठाइयों एवं खाद्य पदार्थों के नमूने भी संकलित किए गए, जिन्हें नियमानुसार जांच के लिए भेजा जा रहा है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान केवल चुनिंदा प्रतिष्ठानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छोटे-बड़े सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर समान रूप से निगरानी रखी जाएगी।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहारी सीजन के दौरान सैंपलिंग और निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखा जाए। जांच रिपोर्ट में यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितता सामने आती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि त्योहारी सीजन में मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, स्वच्छता और पैकेजिंग का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा से संबंधित अनियमितता की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचना दें।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहारों के दौरान आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।