मिलावटखोरों पर जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन, खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी
देहरादून, विकासनगर और मसूरी में मिठाई-डेयरी दुकानों की जांच, 21 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए; विकासनगर में 3 किलो बासी और अत्यधिक रंगयुक्त लड्डू नष्ट
देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जनपद देहरादून में मिलावटी और दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर मंगलवार को देहरादून, विकासनगर और मसूरी क्षेत्र में संयुक्त टीमों ने खाद्य प्रतिष्ठानों, मिठाई की दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 21 नमूने जांच के लिए लिए गए।
देहरादून में मिठाई की दुकानों पर पहुंची टीम
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा एवं उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में नगर निगम देहरादून क्षेत्र के चकराता रोड और घंटाघर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान बीकानेरवाला से मावा, रबड़ी, केसर पेड़ा और मक्खन, हल्दीराम से सफेद रसगुल्ला, स्वीट लस्सी एवं प्लेन बर्फी तथा कुमार स्वीट शॉप से काजू बर्फी और कलाकंद के नमूने लिए गए। देहरादून क्षेत्र से कुल 9 नमूने जांच के लिए संकलित किए गए।
विकासनगर में 9 खाद्य नमूने लिए गए
इसी क्रम में उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार के नेतृत्व में विकासनगर क्षेत्र में विभिन्न डेयरी एवं मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने संदेह के आधार पर खुले पनीर और मावा के नमूने लिए। इसके अलावा बेसन बर्फी, मिल्क केक और कलाकंद के नमूने भी जांच के लिए संकलित किए गए।
विकासनगर क्षेत्र से कुल 9 नमूने लिए गए।
मसूरी में भी खाद्य पदार्थों की जांच
मसूरी क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। टीम ने चाय, खुले बेसन और पनीर के 3 नमूने जांच के लिए लिए।
इस प्रकार देहरादून जनपद में मंगलवार को चलाए गए अभियान के दौरान कुल 21 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संकलित किए गए हैं। अब इन नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
3 किलो बासी और अत्यधिक रंगयुक्त लड्डू मौके पर नष्ट
अभियान के दौरान विकासनगर क्षेत्र में प्रशासन की टीम को एक दुकान पर करीब 3 किलोग्राम बासी एवं अत्यधिक रंगयुक्त लड्डू मिले। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आमजन के स्वास्थ्य को देखते हुए टीम ने इन लड्डुओं को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही।
स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी
जिला प्रशासन ने सभी खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य है।
प्रशासन ने साफ किया है कि निरीक्षण के दौरान यदि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आमजन की सेहत से समझौता नहीं : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मिलावटी एवं दूषित खाद्य सामग्री के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कार्रवाई में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह, तहसीलदार विकासनगर विवेक रजौरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर संजय तिवारी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी मसूरी कपिल देव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
मिलावटखोरों पर जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन, खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी
