सैपिएंस स्कूल का 22वां वार्षिकोत्सव ‘युगगाथा’ धूमधाम से संपन्न, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में जीवंत हुई भारत की गौरवशाली विरासत

सैपिएंस स्कूल का 22वां वार्षिकोत्सव ‘युगगाथा’ धूमधाम से संपन्न, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में जीवंत हुई भारत की गौरवशाली विरासत
विकासनगर। द सैपिएंस स्कूल विकासनगर का 22वां वार्षिकोत्सव ‘युगगाथा’ भव्यता और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। भारतीय इतिहास, संस्कृति, शौर्य, ज्ञान और स्वराज्य की गौरवशाली परंपराओं पर आधारित इस आयोजन में छात्र-छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संयुक्त रजिस्ट्रार रामिंद्री मंदरवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गोविंद राम जैसवाल उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर में एनसीसी कैडेट्स ने अतिथियों का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति, शिक्षाविद् और अभिभावक शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों एवं अभिभावकों का अभिनंदन किया। विद्यालय परिसर को फूलों, ध्वजों, रंग-बिरंगी लड़ियों और आकर्षक रंगोलियों से सजाया गया था।
विद्यालय अध्यक्षा इंदिरा रानी सपरा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ संस्कार, संस्कृति और नैतिक मूल्यों का समावेश भी आवश्यक है।
वार्षिकोत्सव का मुख्य आकर्षण भारत के गौरवशाली इतिहास पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। विद्यार्थियों ने मौर्य साम्राज्य के माध्यम से एकता की गाथा, गुप्त साम्राज्य के माध्यम से ज्ञान की गाथा, चोल साम्राज्य के माध्यम से कला और संस्कृति की गाथा, राजपूत साम्राज्य के माध्यम से शौर्य और स्वाभिमान की गाथा, अहोम साम्राज्य के माध्यम से लोक एवं संस्कृति की गाथा तथा मराठा साम्राज्य के माध्यम से स्वराज्य की गाथा को मंच पर जीवंत कर दिया।
इसके साथ ही योग और मार्शल आर्ट की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को प्रभावित किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
मेधावी विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों के साथ सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 31 हजार रुपये तथा द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 11-11 हजार रुपये की नकद धनराशि प्रदान की गई।
कक्षा 12वीं में विधि शर्मा ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। अदिति और दिशा पंवार ने 95.6 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि तेजस्वी सेमवाल 95.4 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।
कक्षा 10वीं में अनुक्रमा सैनी ने 98.2 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। संगत ने 96.4 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि तृप्ति महावर और राघव सपरा ने 96.2 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा विषयवार सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सानवी को स्टेलर अवार्ड, आदित्य को स्टारर अवार्ड और शगुन को स्पिरिट अवार्ड प्रदान किया गया।
शिक्षकों और कर्मचारियों का भी हुआ सम्मान
विद्यालय में 10 वर्षों से लगातार सेवाएं दे रहे शिक्षक पंकज कुमार, विकास कुमार और नेहा को सम्मानित किया गया। वहीं पांच वर्षों से कार्यरत अनिल और सतीश चौहान को भी सम्मान प्रदान किया गया। विद्यालय में पिछले 10 वर्षों से सेवाएं दे रहीं सरोज दीदी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्य नवीन तनेजा ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, विद्यार्थियों के चहुंमुखी विकास और विद्यालय की प्रगति की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय निदेशिका रश्मि गोयल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अंत में विद्यालय प्रबंधक रविकांत सपरा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, गणमान्य व्यक्तियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए दीपावली की भी बधाई दी।
‘युगगाथा’ के माध्यम से सैपिएंस स्कूल के विद्यार्थियों ने भारतीय इतिहास और संस्कृति की गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी के सामने प्रस्तुत करते हुए अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार परिचय दिया।