देहरादून में आधी रात पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल
फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक से जा रहे थे बदमाश, पुलिस पर की फायरिंग; दो पिस्टल और कारतूस बरामद
देहरादून। राजधानी देहरादून में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पटेलनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पटेलनगर क्षेत्र के नयागांव के पास पुलिस टीम देर रात सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन बाइक सवार चेकिंग पॉइंट पर रुकने के बजाय बुडपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस वाहन भी गोली लगने से क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। घायल बदमाशों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही अस्पताल पहुंचकर भी घटना की जानकारी ली।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाश घटना को अंजाम देने के इरादे से जा रहे थे।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान समीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास है। दोनों पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं और उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। समीम पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
देहरादून में आधी रात पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल
