विकासनगर पालिका बोर्ड बैठक में बड़े फैसले, 97 लाख से जगमगाएगा कैनाल बाईपास; सोलर लाइट और गेस्ट हाउस को भी मंजूरी

विकासनगर पालिका बोर्ड बैठक में बड़े फैसले, 97 लाख से जगमगाएगा कैनाल बाईपास; सोलर लाइट और गेस्ट हाउस को भी मंजूरी
विधायक मुन्ना सिंह चौहान और पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल की मौजूदगी में कई विकास प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
विकासनगर। नगर पालिका परिषद विकासनगर की मंगलवार को आयोजित बोर्ड बैठक में शहर के विकास को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कैनाल बाईपास रोड पर 97 लाख रुपये की लागत से स्मार्ट LED स्ट्रीट लाइट लगाने की डीपीआर को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही सोलर ऊर्जा, कूड़ा निस्तारण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, पार्किंग और वेंडिंग जोन से जुड़े प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक में विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौजूद रहे। बैठक का संचालन अधिशासी अधिकारी मनोज बिष्ट ने किया।
स्मार्ट लाइटों से जगमगाएगा कैनाल बाईपास
नगर पालिका की ओर से कैनाल बाईपास रोड पर आधुनिक स्मार्ट LED लाइटें लगाने के लिए 97 लाख रुपये की डीपीआर स्वीकृत की गई। इसके अलावा पालिका कार्यालय में 45 किलोवाट का सोलर पैनल लगाने तथा नगर क्षेत्र में बीएमएस और आरएमएस तकनीक से लैस स्मार्ट सोलर लाइटें स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली।
कूड़ा निस्तारण होगा निशुल्क
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। ग्रीन एनर्जी टेक एलएलपी मुंबई की ओर से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान के तहत नगर पालिका क्षेत्र के कूड़े का निशुल्क निस्तारण करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
वहीं पालिका भवन, बाजारों, विद्यालयों, सरकारी भवनों, मंदिरों, चर्च और पार्कों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित करने पर भी सहमति बनी।
अधिशासी अधिकारी और जेई आवास का होगा कायाकल्प
पालिका की संपत्तियों के पुनर्विकास के तहत अधिशासी अधिकारी आवास को ध्वस्त कर भूतल पर पार्किंग और प्रथम तल पर कर्मचारियों के लिए 1BHK, 2BHK और 3BHK आवास बनाने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।
जेई आवास के भूतल पर व्यावसायिक पार्किंग तथा ऊपर की तीन मंजिलों पर गेस्ट हाउस बनाने को भी मंजूरी मिली।
सहारनपुर बस अड्डे पर बनेगा वेंडिंग जोन
शहर में व्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सहारनपुर बस अड्डे पर वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही विद्युत पोलों पर कियोस्क बोर्ड लगाने, LED लाइटों, सफाई उपकरणों और कीटनाशक दवाइयों की खरीद को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में बाईपास रोड स्थित खेल भवन की बकाया धनराशि ब्याज सहित जमा कराने के लिए अंतिम नोटिस जारी करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल, अधिशासी अधिकारी मनोज बिष्ट सहित सभासद पूजा राणा, सोनिया वर्मा, सुमन लता, पूनम तोमर, गंगा, भारत कालड़ा, लवलेश शर्मा, धर्मेंद्र ठाकुर, सबल सहरावत, अंकित जोशी तथा नामित सभासद वैभव अग्रवाल, संदीप मोगा, धीरेंद्र सिंह पटवाल और कमलेश सहित पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।
पालिका बोर्ड के इन फैसलों से विकासनगर में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होने की उम्मीद है।