त्योहारी सीजन में देहरादून की सड़कों पर रहेगी विशेष निगरानी, पार्किंग से लेकर डायवर्जन तक पुलिस ने तैयार किया प्लान
देहरादून। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए देहरादून यातायात पुलिस ने शहर के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत प्रमुख बाजारों में पार्किंग, नो-एंट्री, जीरो जोन और यातायात डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने आमजन से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और अनावश्यक रूप से निजी वाहनों को बाजारों में न ले जाने की अपील की है।
अलग-अलग क्षेत्रों के लिए निर्धारित की पार्किंग
सहस्त्रधारा, रायपुर रोड और राजपुर रोड से आने वाले वाहनों के लिए काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक मल्टीस्टोरी पार्किंग और घंटाघर स्थित एमडीडीए कॉम्प्लेक्स में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
वहीं चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड निर्धारित किए गए हैं।
ईसी रोड, रिस्पना, धर्मपुर और नेहरू कॉलोनी की ओर से आने वाले वाहनों के लिए दरबार साहिब, राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स और रेंजर्स ग्राउंड में पार्किंग की सुविधा रहेगी। सहारनपुर चौक, कांवली रोड और पटेलनगर क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए पुराना बस अड्डा, पुलिस कार्यालय और नगर निगम परिसर में पार्किंग निर्धारित की गई है।
पलटन बाजार आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
पलटन बाजार में लागू रहेगा नो-एंट्री प्लान
पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपलमंडी क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। लोडिंग वाहनों को सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक बाजार में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। व्यापारियों के वाहनों को भी निर्धारित टोकन व्यवस्था के तहत ही प्रवेश दिया जाएगा। शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
सार्वजनिक परिवहन के रूट में भी बदलाव
यातायात पुलिस ने विक्रम और सिटी बसों के लिए नए ड्रॉप एवं पिकअप प्वाइंट निर्धारित किए हैं। राजपुर रोड की ओर जाने वाली सिटी बसों के लिए ओरिएंट चौक तथा डोईवाला और सहस्त्रधारा की ओर जाने वाली बसों के लिए रेंजर्स ग्राउंड नया पिकअप प्वाइंट रहेगा।
जाम की स्थिति में होगा डायवर्जन
सर्वे चौक, घंटाघर और धर्मपुर चौक पर यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। पलटन बाजार सहित प्रमुख बाजारों में जीरो जोन व्यवस्था लागू रहेगी, जहां केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश की अनुमति होगी।
सुरक्षा और निगरानी के लिए विशेष इंतजाम
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त 10 ट्रैफिक क्रेन, 10 मोबाइल टीमें और आधुनिक कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर क्रेन से वाहन टो किया जाएगा, जिसके लिए 1500 रुपये जुर्माने का प्रावधान बताया गया है।
यातायात पुलिस की आमजन से अपील
देहरादून यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें, सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें और बाजारों में खरीदारी के लिए अंतिम समय की भीड़ से बचें। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों से भी अपनी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खुली रखने की अपेक्षा की गई है।
यातायात संबंधी जानकारी के लिए नागरिक देहरादून ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 7579278154 और 8958998827 पर संपर्क कर सकते हैं।
पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक प्लान को अधिक से अधिक साझा करने की अपील की है, ताकि त्योहारी सीजन में शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

देहरादून में त्योहारों पर ट्रैफिक का नया प्लान लागू, जानिए कहां मिलेगी पार्किंग और किन रास्तों पर रहेगा प्रतिबंध।”
