रसोई गैस की किल्लत के बीच देहरादून पुलिस ने कालाबाजारी करने वालों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार किया

रसोई गैस की किल्लत के बीच देहरादून पुलिस ने कालाबाजारी करने वालों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर निरंजनपुर सब्जी मंडी के पास छापेमारी की।
छापे के दौरान बंद पड़े पेट्रोल पंप के पीछे एक कमरे से एक व्यक्ति को अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की बिक्री और भंडारण करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
पुलिस ने मौके से कुल 32 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए, जिनमें घरेलू और कमर्शियल दोनों प्रकार के सिलेंडर शामिल हैं।
पकड़े गए आरोपी की पहचान भूपेन्द्र मंडल (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का निवासी है और वर्तमान में ब्रह्मपुरी, पटेलनगर में रह रहा था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी गैस संकट का फायदा उठाकर सिलेंडरों की कालाबाजारी कर रहा था। मौके पर खाद्य एवं पूर्ति विभाग की टीम को भी बुलाया गया।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *