मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने टिहरी में शिक्षा, पोषण और खेल सुविधाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने अपने दो दिवसीय टिहरी दौरे के दूसरे दिन बौराड़ी क्षेत्र में विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, पुस्तकालय संरक्षण और खेल सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सबसे पहले ढुंगीधार स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया, जहां बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं टीकाकरण व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट वितरित की तथा बच्चों का वजन मापकर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे तक स्वास्थ्य सेवाएं और टीकाकरण समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
इसके बाद उन्होंने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर मध्यान्ह भोजन योजना, छात्रों की उपस्थिति, शैक्षणिक गुणवत्ता तथा विद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। विद्यालय में संचालित व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
मुख्य सचिव ने श्रीदेव सुमन पुस्तकालय पहुंचकर दुर्लभ पांडुलिपियों, ऐतिहासिक अभिलेखों और पुस्तकों के संरक्षण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने पुस्तकालय को शोधार्थियों, साहित्य प्रेमियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए और अधिक उपयोगी बनाने पर जोर दिया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि पुस्तकालय को पुरानी टिहरी से विस्थापित कर वर्तमान स्थान पर स्थापित किया गया है, जहां राजशाही काल से लेकर आधुनिक विषयों तक का समृद्ध साहित्य संग्रहित है।
इसके पश्चात उन्होंने बौराड़ी स्टेडियम और प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल निर्माण स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका परिषद टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत तथा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्य सचिव का यह दौरा शिक्षा, पोषण, पर्यावरण संरक्षण और खेल अवसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में प्रशासन की गंभीरता को दर्शाता है।