ऋषिकेश में पुलिस मुठभेड़, 15-15 हजार के दो इनामी बदमाश घायल
ऋषिकेश में चारधाम यात्रा के दौरान चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार देर रात नटराज चौक क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बैरियर तोड़कर फरार हो गए।
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर खांड गांव के पास दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार निवासी ए और अनवारूल हक उर्फ अनवर के रूप में हुई है। दोनों ऋषिकेश में हुए जानलेवा फायरिंग कांड में वांछित थे और उन पर 15-15 हजार रुपये का था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध पिस्टल, तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने बिहार में लूट और हत्या की वारदात में शामिल होने की बात भी कबूल की है। पुलिस के अनुसार बिहार पुलिस भी इनकी तलाश कर रही थी। मामले में आगे की जांच जारी है।

