पलटन बाजार में भीषण आग, कपड़ों का गोदाम जलकर खाक वेल्डिंग कार्य के दौरान लगी आग, दमकल की 4 गाड़ियों ने पाया काबू

देहरादून के व्यस्ततम पलटन बाजार क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कपड़ों की दुकान के तीसरे तल पर बने गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
कोतवाली नगर पुलिस के अनुसार, 17 जून को सूचना मिली कि पलटन बाजार स्थित ननकानी गारमेंट्स की इमारत के तीसरे तल पर आग लग गई है। सूचना मिलते ही पुलिस बल और फायर स्टेशन देहरादून से दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भवन में लिफ्ट लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग का काम किया जा रहा था, तभी तीसरे तल पर बने कपड़ों के गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और वहां रखा कपड़ों का भारी मात्रा में सामान जलकर राख हो गया।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता के चलते बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
“समय रहते दमकल और पुलिस की कार्रवाई से बड़ा हादसा टला, लेकिन व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।”