देहरादून: भारी बारिश से पुश्ता ढहा, 4-5 मकान क्षतिग्रस्त, डीएम आशीष चौहान देर रात पहुंचे मौके पर

देहरादून: भारी बारिश से पुश्ता ढहा, 4-5 मकान क्षतिग्रस्त, डीएम आशीष चौहान देर रात पहुंचे मौके पर
देहरादून: लगातार हो रही बारिश के चलते शनिवार रात करीब 9:30 बजे पठरिया पीर क्षेत्र की विजय कॉलोनी स्थित नई बस्ती में बड़ा हादसा हो गया। एक पुश्ता अचानक ढह गया, जिससे उसके नीचे बने चार से पांच मकान क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान स्वयं देर रात मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।
सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मलबे में दबने की सूचना पर तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया गया। हादसे में 62 वर्षीय विमला देवी घायल हुईं, जिन्हें 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन ने एहतियातन आसपास के सभी मकान खाली करवा दिए हैं और प्रभावित क्षेत्र को असुरक्षित घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तकनीकी परीक्षण कर शीघ्र सुरक्षा कार्य कराने के निर्देश दिए हैं।

रिपोर्ट सविता रानी

डायरेक्ट एंड चीफ एडिटर