टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी
पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना
देहरादून। राजधानी देहरादून में बुधवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सहारनपुर चौक से आयोजित टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज एवं टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान टपकेश्वर महादेव के समक्ष प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। धार्मिक आयोजन न केवल समाज में आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि आपसी एकता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शोभायात्रा के आयोजन से जुड़े संत-महात्माओं, आयोजन समिति के सदस्यों, टपकेश्वर सेवा दल तथा सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। धार्मिक जयघोष और भक्ति के माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान टपकेश्वर महादेव के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। शोभायात्रा में संत-महात्माओं की मौजूदगी ने आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा को और बढ़ा दिया।
मुख्यमंत्री ने कामना की कि भगवान टपकेश्वर महादेव की कृपा सदैव उत्तराखण्ड की जनता पर बनी रहे और देवभूमि निरंतर विकास, प्रगति एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ती रहे।
टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना
