मुख्यमंत्री धामी सहसपुर पहुंचे, जनसेवा शिविर में सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को मौके पर दिए निर्देश
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सहसपुर स्थित श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगवाना नहीं, बल्कि स्वयं जनता के द्वार पहुंचकर योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सुशासन का अर्थ संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन है तथा यह अभियान सरकार और जनता के बीच विश्वास को मजबूत कर रहा है।
शिविर में 1000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने मौके पर आमजन की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के आदेश भी जारी किए गए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रहे सेवा पखवाड़े, विकास कार्यों, पारदर्शी भर्ती, समान नागरिक संहिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट :- सविता रानी
