ईस्ट हब टाउन में दोबारा कब्जे का आरोप, प्रशासन की कार्रवाई के बाद फिर शुरू हुआ निर्माण, पीड़ित ने उठाए सवाल
देहरादून। राजधानी देहरादून के ईस्ट हब टाउन क्षेत्र में जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। पीड़ित विशाल गौतम का आरोप है कि उनकी पैतृक संपत्ति पर कुछ लोगों द्वारा दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जबकि कुछ समय पहले ही एसडीएम के आदेश पर तहसीलदार और राजस्व विभाग की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर कथित अवैध निर्माण हटाया गया था।
विशाल गौतम का कहना है कि संबंधित भूमि उनकी नानी की थी, जो बाद में उनकी माता के नाम दर्ज हुई। माता के निधन के बाद वह इस संपत्ति पर अपने अधिकार के लिए न्यायालय में कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। उनका दावा है कि मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है, इसके बावजूद कुछ लोग जमीन पर फिर से कब्जा करने और निर्माण कार्य करने का प्रयास कर रहे हैं।
पीड़ित का आरोप है कि प्रशासन की कार्रवाई के बाद भी यदि दोबारा निर्माण हो रहा है, तो इससे कई गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने और न्यायालय के अंतिम निर्णय तक यथास्थिति बनाए रखने की मांग की है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस मामले में दोबारा क्या कदम उठाता है और क्या कथित कब्जे की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाती है।
