विकासनगर में स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान के तहत चित्रकला प्रतियोगिता, 130 बच्चों ने दिया स्वच्छ भारत का संदेश
विकासनगर (देहरादून)। नगर पालिका परिषद विकासनगर द्वारा शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखंड के निर्देशन में संचालित “स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान” के अंतर्गत शुक्रवार को भव्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष धीरज बाबी नौटियाल एवं अधिशासी अधिकारी मनोज बिष्ट के निर्देशन में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में नगर क्षेत्र के 9 विद्यालयों के 130 छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए स्वच्छता, हरित पर्यावरण, जल संरक्षण एवं प्रकृति संरक्षण जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी मनोज बिष्ट ने सभी विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अधिनियम-2026 के तहत चार प्रकार के डस्टबिन, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा घर-घर से अलग-अलग कचरा संग्रहण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत सभी छात्र-छात्राओं को कुल 131 पौधे वितरित किए गए।
कार्यक्रम में सभासद धर्मेंद्र ठाकुर, अंकित जोशी, सब्बल सहरावत, लवलेश शर्मा, सोनिया वर्मा, पूनम तोमर एवं सुमन लता सहित कर अधीक्षक मोहित पाठक, सफाई निरीक्षक परमीत चौधरी, सहायक अभियंता गुलाब सिंह पंवार, नवनीत गुप्ता, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं नगर पालिका का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
