मुख्यमंत्री धामी ने हर घर तिरंगा यात्रा में किया प्रतिभाग, प्रदेशवासियों से घर-घर तिरंगा फहराने का किया आह्वान
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को सदैव प्रज्वलित रखने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्यमंत्री गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तिरंगा राष्ट्र गौरव का उत्सव और करोड़ों भारतवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए। राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि उत्तराखंड के कण-कण में बसी है।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से देश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने पूरी दुनिया को अपनी ताकत का परिचय कराया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार वीर जवानों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विकास के आंकड़े भी गिनाए
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ उत्तराखंड भी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य की जीएसडीपी में पिछले एक वर्ष में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप्स की संख्या 1750 से अधिक हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
देवभूमि के मूल स्वरूप से खिलवाड़ नहीं होने देंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने राज्य में लागू किए गए विभिन्न कानूनों और सरकार की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और युवाओं को रोजगार देने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है। वहीं सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।
ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक विनोद चमोली, विधायक सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, महामंत्री कुंदन परिहार एवं दीप्ति रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराएं और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत बनाएं
