देवभूमि लाखामंडल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
स्कूलों में निकली भव्य प्रभात फेरियां, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा देशभक्ति का समां; शहीदों को दी श्रद्धांजलि
लाखामंडल। देवभूमि लाखामंडल में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सरकारी विभागों एवं ग्रामीणों ने कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर से बाजार तक निकाली गई भव्य प्रभात फेरी से हुई। क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरी में शामिल हुए। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया।
GIC इंटर कॉलेज, आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय, अवनी पब्लिक स्कूल, प्रीतम मेमोरियल विद्या मंदिर, सरस्वती शिशु मंदिर, प्राइमरी स्कूल एवं आंगनवाड़ी सहित क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया। विद्यालयों में देशभक्ति गीत, भाषण, नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में नैनसी शर्मा अनम सेंटर्स, पुलिस चौकी इंचार्ज नवीन खन्ना एवं उनकी टीम, पटवारी चौकी, आयुर्वेदिक हॉस्पिटल, रोशनी गैस एजेंसी तथा ITI लाखामंडल सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थानों की भी सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्य समिति की विशेष आमंत्रित सदस्य बचना शर्मा लाखामंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में देशभक्ति की भावना को और मजबूती मिली है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस एवं रक्षाबंधन की सभी देशवासियों और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में शांति प्रसाद चौहान, ग्राम प्रधान बिना भट्ट, संजय भट्ट, केशव शर्मा, राजेंद्र शर्मा, दीवान सिंह, ओमप्रकाश, डब्लू आर्य, घनश्याम, पीरू आर्य सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, ग्रामीण, शिक्षक, कर्मचारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पूरे आयोजन में तिरंगे के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देखने को मिला।
देवभूमि लाखामंडल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
