विकासनगर-हरबर्टपुर में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस, पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान

विकासनगर-हरबर्टपुर में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस, पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान
विकासनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकासनगर और हरबर्टपुर क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर आजादी के पर्व को उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। नगर पालिकाओं में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों को सम्मानित किया गया, वहीं मुख्य बाजार में रैली निकालकर लोगों में राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया।
विकासनगर नगर पालिका में पूर्व सैनिकों का सम्मान
विकासनगर नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल ने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों का माल्यार्पण कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। इसके साथ ही नगर पालिका के सभी सभासदों का भी माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी मनोज बिष्ट, सभासद संदीप मोगा, धर्मेंद्र ठाकुर सहित अन्य सभासद, नगर पालिका अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शांति जुवांठा भी उपस्थित रहीं।
हरबर्टपुर में पूर्व सैनिकों को शॉल और छाता भेंट
उधर, हरबर्टपुर नगर पालिका में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। यहां पूर्व सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर एवं छाता भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों ने आजादी और देश सेवा को लेकर अपने विचार साझा किए तथा नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नीरू , अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र सिंह पंवार, भारतीय जनता पार्टी जिला उपाध्यक्ष मधु राघव, सभासद  मेघश्याम शर्मा सहित सभी सभासद, संदीप कुमार नगरपालिका अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यापारी सुषमा गुप्ता, ममता मुल्तानी आदि भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्य बाजार में निकली देशभक्ति की रैली
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकासनगर के मुख्य बाजार में भी देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। अधिवक्ताओं की ओर से रैली निकाली गई। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों, स्कूली छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने भी रैली में भाग लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
रैली में पूर्व सैनिक भूपेंद्र डोगरा सहित अन्य पूर्व सैनिकों, छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगे के साथ निकली रैली ने पूरे मुख्य बाजार को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने स्वतंत्रता सेनानियों और देश की रक्षा में अपना योगदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया।

error: Content is protected !!