14 सितंबर को डीएम करेंगे नशामुक्ति अभियान का शुभारंभ, 30 सितंबर तक चलेगा विशेष शपथ अभियान
देहरादून,‘नशामुक्त भारत अभियान’ (एनएमबीए) के अंतर्गत जनपद देहरादून में नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक विशेष शपथ अभियान चलाया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान द्वारा 14 सितंबर को प्रातः 11 बजे ऋषिपर्णा सभागार में किया जाएगा।
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न वर्गों और संस्थानों को नशामुक्ति के संकल्प से जोड़ने की योजना बनाई गई है। इसके तहत शैक्षणिक एवं कोचिंग संस्थानों, विश्वविद्यालयों, छात्रावासों, सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, ग्राम पंचायतों, नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में ऑनलाइन और ऑफलाइन शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों को दिलाई जाएगी शपथ
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जनपद के सभी महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, राजकीय एवं निजी शैक्षणिक संस्थानों, कोचिंग संस्थानों तथा छात्रावासों में छात्र-छात्राओं को नशीली दवाओं के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।
वहीं मुख्य शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों, शिक्षकों, कार्मिकों एवं संबंधित लोगों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। राजकीय, अशासकीय, निजी और आवासीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन शपथ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
सरकारी कार्यालयों और औद्योगिक इकाइयों में भी अभियान
जनपद के शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निगम कार्यालयों में अधिकारी और कर्मचारी सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ लेंगे।
उद्योग विभाग औद्योगिक इकाइयों, फैक्ट्रियों, निर्माण इकाइयों एवं कॉर्पोरेट कार्यालयों के साथ समन्वय स्थापित कर वहां कार्यरत श्रमिकों और कार्मिकों की सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करेगा।
गांवों और स्थानीय निकायों को भी जोड़ा जाएगा
अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायतों के साथ-साथ नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में स्थानीय नागरिकों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
इसके माध्यम से आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया जाएगा।
होटल, होम स्टे और खेल संस्थानों में भी शपथ
जिला पर्यटन अधिकारी के माध्यम से जनपद के होटल, होम स्टे और छात्रावासों में भी शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा संबंधित प्रमाण-पत्रों का संकलन किया जाएगा।
इसी प्रकार जिला क्रीड़ा अधिकारी के माध्यम से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर सहित अन्य खेल प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण ले रहे छात्र-छात्राओं को भी सामूहिक ऑनलाइन/ऑफलाइन शपथ दिलाई जाएगी।
ऑनलाइन शपथ और प्रमाण-पत्र डाउनलोड करना होगा अनिवार्य
अभियान के अंतर्गत ऑनलाइन शपथ लेने के बाद प्रमाण-पत्र डाउनलोड करना अनिवार्य किया गया है। सभी संबंधित विभागों और संस्थानों से अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपेक्षा की गई है।
साथ ही आयोजित शपथ कार्यक्रमों के फोटोग्राफ और निर्धारित प्रारूप में सूचना संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी विभागों, संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों और स्थानीय निकायों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है, ताकि सामूहिक प्रयासों से नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम बढ़ाया जा सके।
PMT News | पहाड़ से मैदान तक
रिपोर्ट: सविता रानी
14 सितंबर को डीएम करेंगे नशामुक्ति अभियान का शुभारंभ, 30 सितंबर तक चलेगा विशेष शपथ अभियान

