30 नवंबर तक चलेगा अभियान, डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र जमा करने का मिलेगा प्रशिक्षण और मार्गदर्शन
देहरादून। पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र (डीएलसी) जमा करने में आ रही तकनीकी परेशानियों और पेंशन से जुड़ी अन्य समस्याओं से राहत दिलाने के लिए साइबर कोषागार देहरादून की ओर से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 30 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा।
मुख्य कोषाधिकारी साइबर कोषागार देहरादून बी.एन. पाण्डेय ने बताया कि साइबर कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। अभियान के दौरान पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही इस प्रक्रिया में आने वाली तकनीकी समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिन पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र जमा करने में परेशानी हो रही है अथवा पेंशन से संबंधित कोई अन्य शिकायत है, वे अपने जीआरडी नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और स्मार्टफोन के साथ किसी भी कार्यदिवस में साइबर कोषागार कार्यालय पहुंच सकते हैं। इसके लिए कार्यालय का पता 23 लक्ष्मी रोड, डालनवाला, देहरादून निर्धारित किया गया है।
पेंशनरों की शिकायतों के प्रभावी निस्तारण और आवश्यक मार्गदर्शन के लिए उपकोषाधिकारी परमीत सिंह को शिकायत निवारण अधिकारी नामित किया गया है। पेंशनर उनसे मोबाइल नंबर 7500370037 और 7500900090 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा कार्यालय में उपस्थित होकर भी अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
मुख्य कोषाधिकारी बी.एन. पाण्डेय ने पेंशनरों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र सहित पेंशन से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए 30 नवंबर तक साइबर कोषागार से संपर्क करें।
