उत्तराखण्ड में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू, ड्राफ्ट सूची जारी; 72.78 लाख मतदाता शामिल

उत्तराखण्ड में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण शुरू, ड्राफ्ट सूची जारी; 72.78 लाख मतदाता शामिल

11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां, 4 जनवरी 2027 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

देहरादून। उत्तराखण्ड में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान की शुरुआत हो गई है। 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को कर दिया गया है। इस सूची में प्रदेश के कुल 72,78,035 मतदाताओं को शामिल किया गया है।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में 34,84,447 महिला, 37,93,373 पुरुष और 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश में 86,028 सर्विस मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला मतदाता हैं।

उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में मतदान केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 12,498 हो गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 1,25,216 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए, जबकि फार्म-7 के माध्यम से प्राप्त 6,130 मामलों का विधिवत निस्तारण किया गया।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे युवा जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं या किसी कारणवश मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाए हैं, वे 11 दिसंबर 2026 तक फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन या ECI NET ऐप के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है।

ड्राफ्ट मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर देखी जा सकती है। इसके अतिरिक्त डीईओ/ईआरओ कार्यालय और संबंधित बीएलओ से भी सूची प्राप्त की जा सकती है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। 28 दिसंबर 2026 तक इनकी सुनवाई एवं निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।