धार्मिक यात्राओं में बाधा बर्दाश्त नहीं, सभी धर्मों का सम्मान हमारी प्राथमिकता : सुरेन्द्र कुकरेती
देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती ने कहा है कि उत्तराखंड क्रांति दल सदैव सभी धर्मों का समान सम्मान करता आया है और भविष्य में भी इसी भावना के साथ कार्य करता रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी धार्मिक यात्रा में व्यवधान उत्पन्न करना उचित नहीं है और प्रदेश में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि हाल के घटनाक्रम को लेकर सिख समाज एवं विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों से लगातार संवाद किया जा रहा है। सभी पक्षों से सकारात्मक चर्चा हुई है और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने पर सहमति बनी है।
कुकरेती ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल ने हमेशा चारधाम यात्रा सहित प्रदेश की सभी धार्मिक यात्राओं का सम्मान किया है। पार्टी आगे भी यात्राओं के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु संचालन में पूरा सहयोग देगी।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सद्भाव को बनाए रखते हुए धार्मिक यात्राओं को निर्विघ्न संपन्न कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी देवभूमि की संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता से है, जिसे बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
यूकेडी अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा प्रदेश के चारों प्रमुख समुदायों—हिन्दू, मुस्लिम, सिख और ईसाई—के सम्मान, सुरक्षा और भाईचारे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रही है तथा आगे भी प्रदेश में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए हरसंभव सहयोग करती रहेगी।
