स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता: विकासनगर में ‘सफाई अपनाओ-बीमारी भगाओ’ रैली का भव्य आयोजन, 500 विद्यार्थियों को वितरित किए गए पौधे

विकासनगर (देहरादून)।
स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत नगर पालिका परिषद विकासनगर द्वारा ‘सफाई अपनाओ-बीमारी भगाओ’ अभियान के तहत रविवार को एक विशाल स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नगरवासियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
रैली का शुभारंभ प्रातः 11 बजे मंडी चौक से मुख्य अतिथि विधायक मुन्ना सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष धीरज बाबी नौटियाल एवं अधिशासी अधिकारी एम.के. बिष्ट ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली मंडी चौक से डाकपत्थर चौक होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर पालिका टाउन हॉल में संपन्न हुई।
रैली में नगर के ब्रांड एंबेसडर सुरेश रावत, वरिष्ठ सभासद धर्मेंद्र ठाकुर, सभासद सुमनलता, रोटरी क्लब, शक्ति एक उम्मीद फाउंडेशन, विभिन्न सामाजिक संगठनों, नगर पालिका कर्मचारियों, पर्यावरण मित्रों तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और नागरिकों ने भाग लिया।
रैली के दौरान “हम सबने ठाना है, विकासनगर को स्वच्छ बनाना है” जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा। विद्यार्थियों ने हाथों में आकर्षक तख्तियां लेकर लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक मुक्त जीवन अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर पालिका टाउन हॉल में सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की सामूहिक शपथ दिलाई गई। वहीं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत लगभग 500 छात्र-छात्राओं को पौधे वितरित किए गए। विद्यार्थियों ने “यह पौधा मेरी जिम्मेदारी” और “मेरा कूड़ा मेरी जिम्मेदारी” का संकल्प लेकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस वृहद अभियान में टाइम वर्ल्ड्स स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, होशियार सिंह बुद्धमल जैन इंटर कॉलेज, आईटीआई, आसाराम वैदिक इंटर कॉलेज, इंडियन पब्लिक स्कूल, सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल, हिमालयन पब्लिक स्कूल, द एनफील्ड स्कूल तथा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (IIP) सहित अनेक शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शोधार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कर अधीक्षक मोहित पाठक, कर निरीक्षक मनोज कोहली, सफाई निरीक्षक परमित चौधरी, पर्यावरण पर्यवेक्षक सुभाष, सुरेंद्र तोमर, संजय, विनोद डिमरी, नवनीत गुप्ता, पवन, स्वच्छ भारत मिशन (SBM), आईईसी टीम, नगर पालिका कर्मचारियों तथा पर्यावरण मित्रों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका परिषद विकासनगर ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, पॉलीथीन का बहिष्कार करें और स्वच्छ एवं हरित विकासनगर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।