न्यू टिहरी में 14 अगस्त से ‘हर घर तिरंगा’ पर चित्र प्रदर्शनी, डीएम नितिका खंडेलवाल ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी
न्यू टिहरी। हर घर तिरंगा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), देहरादून की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। गुरुवार को न्यू टिहरी में अभियान के प्रचार वाहन को टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी श्रीमती नितिका खंडेलवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जिले में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिलेवासियों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से न्यू टिहरी में 14 और 15 अगस्त को विशेष फोटो प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे विषयों के माध्यम से देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवशाली यात्रा और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम अधिकारी श्री अनिल दत्त शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की सुबह तिरंगा रैली निकाली जाएगी। इसके साथ ही प्रदर्शनी में पहुंचने वाले विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि राज्य के कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी 14 अगस्त को हर घर तिरंगा अभियान पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
श्री शर्मा ने आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों से प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को तिरंगे के इतिहास, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत और विभाजन की विभीषिका से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों से परिचित कराना है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एल
न्यू टिहरी में 14 अगस्त से ‘हर घर तिरंगा’ पर चित्र प्रदर्शनी, डीएम नितिका खंडेलवाल ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी
