चकराता में 30 मीटर नीचे पलटा बोलेरो कैंपर, 9 लोग घायल

चकराता में 30 मीटर नीचे पलटा बोलेरो कैंपर, 9 लोग घायल चकराता, देहरादून। चकराता क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सप्लाई तिराहे के पास एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 मीटर नीचे बाल्मीकि बस्ती में जा पलटा। हादसे में वाहन सवार कुल 9 लोग घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की मृत्यु नहीं हुई ।

कोतवाली चकराता पुलिस के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली कि सप्लाई के पास बोलेरो कैंपर संख्या UK15TA-0371 सड़क से नीचे पलट गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली चकराता पुलिस, SDRF टीम, 108 एंबुलेंस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों और पुलिस टीम की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को 108 एंबुलेंस एवं निजी वाहनों की मदद से CHC चकराता पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
पुलिस के मुताबिक बोलेरो कैंपर को अमित चौहान पुत्र रूप चंद, निवासी ग्राम कुनावा, तहसील चकराता, उम्र 28 वर्ष चला रहे थे। वाहन ग्राम कुनावा से विकासनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सप्लाई तिराहे के पास वाहन सड़क से नीचे करीब 30 मीटर जा गिरा।
हादसे में शेर सिंह (78), अमित चौहान (28), राम सिंह (40), अनिल तोमर (35), कलमू (65), संगतराम (13), शीला (32), शिवाश (3) और संतोष (9) घायल हुए हैं। पुलिस द्वारा सभी घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने से पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।