पुलिस लाइन देहरादून में गूंजे तीज के लोकगीत, खनकी चूड़ियां
पुलिस परिवार की महिलाओं ने धूमधाम से मनाया हरियाली तीज का पर्व, सुनीता जैन बनीं तीज क्वीन
देहरादून, हरियाली तीज के पावन अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में पुलिस परिवार की महिलाओं ने उमंग, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर भव्य तीज समारोह का आयोजन किया। समारोह में लोकगीतों, नृत्य, संगीत, झूले और विभिन्न प्रतियोगिताओं ने माहौल को पूरी तरह उत्सवी बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गुरमीत कौर एवं विशिष्ट अतिथि गीता धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पुलिस परिवार की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से तीज की संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
सुनीता जैन बनीं तीज क्वीन
समारोह का प्रमुख आकर्षण तीज क्वीन प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में पुलिस परिवार की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सुनीता जैन को तीज क्वीन चुना गया। रजनी रावत फर्स्ट रनरअप रहीं, जबकि नेहा एवं पार्वती सेकंड रनरअप रहीं।
वहीं, बेस्ट मेहंदी प्रतियोगिता में महिलाओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कु. भूमि ने प्रथम, कु. रागनी ने द्वितीय तथा पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मेधावी बच्चों का भी हुआ सम्मान
समारोह के दौरान पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों को भी सम्मानित किया गया। बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले वैभव सिंह पुत्र विक्रान्त कुमार एवं अभिनव राणा पुत्र शैलेश राणा तथा नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले परीक्षित चौधरी पुत्र योगेश सिंह चौधरी को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
संस्कृति, सौहार्द और महिला प्रतिभा का संगम
मुख्य अतिथि गुरमीत कौर एवं विशिष्ट अतिथि गीता धामी ने पुलिस परिवार की महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज जैसे पारंपरिक पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी दिन-रात अपने कर्तव्यों के निर्वहन में जुटे रहते हैं। ऐसे आयोजन पुलिस परिवार के सदस्यों को व्यस्तताओं के बीच खुशियों के पल साझा करने और आपसी जुड़ाव को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। इस प्रकार के कार्यक्रम पुलिस परिवार में सकारात्मक ऊर्जा और एकजुटता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह में महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। तीज के झूलों, गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों ने कार्यक्रम में चार-चांद लगा दिए। महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं देते हुए सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में गौरी सेठ, सोनू, तनवी सिंह, सरोज, निधि, रेनू लोहानी, अनिता अंथवाल, पूर्णिमा गर्ग, जूही मनराल सहित अन्य अतिथिगण एवं पुलिस परिवार की महिलाएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के मंच संचालन की जिम्मेदारी सरीता डोबाल, जया बलोनी, ऐश्वर्या, वन्दना वर्मा, भावना पंत, अंजू रावत तथा पुलिस परिवार से कु. निधि एवं सुमन ने निभाई।
पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित यह तीज समारोह महिला प्रतिभा, भारतीय संस्कृति, आपसी सौहार्द और पुलिस परिवार की एकजुटता का खूबसूरत संगम बनकर सामने आया।
डायरेक्टर एंड चीफ एडिटर
सविता रानी
