शिक्षक दिवस पर CM धामी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को किया नमन, शिक्षकों को दी शुभकामनाएं
देहरादून। शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति ‘भारत रत्न’ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन भारतीय शिक्षा, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व आज भी देश के शिक्षकों और विद्यार्थियों को निरंतर प्रेरणा प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश एवं देश के सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें संस्कार, अनुशासन और जीवन-मूल्यों से भी समृद्ध करते हैं।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को सही दिशा देने और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत बनाने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक अपने ज्ञान और अनुभव के माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सशक्त और विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारयुक्त नई पीढ़ी आवश्यक है। इस दिशा में शिक्षकों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है।
सविता रानी
पहाड़ से मैदान तक
