एटनबाग में सेवा संकल्प अभियान के तहत 376 श्रमिकों को हाइजीन-एजुकेशन किट और 282 को न्यूट्रिशन किट वितरित, 245 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण
विकासनगर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकासनगर विधानसभा क्षेत्र के एटनबाग में श्रम विभाग की ओर से श्रमिकों के हित में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान श्रमिकों को स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पोषण से संबंधित आवश्यक सामग्री वितरित करने के साथ ही स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के दौरान 376 श्रमिकों को हाइजीन एवं एजुकेशन किट तथा 282 श्रमिकों को न्यूट्रिशन किट वितरित की गईं। इसके अलावा 245 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य जांच के माध्यम से श्रमिकों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि श्रमिक प्रदेश के विकास की मजबूत नींव हैं। अपने परिश्रम और समर्पण से श्रमिक न केवल अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, बल्कि क्षेत्र और प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ऐसे में श्रमिकों का सम्मान, उनकी सुरक्षा और उनके परिवारों का कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में श्रमिकों और कामगारों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार भी इन योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचाना है। श्रमिकों को स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। एटनबाग का यह कार्यक्रम भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बताया कि श्रमिकों और उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। दुर्घटना की स्थिति में श्रमिकों के लिए चार लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान है। वहीं श्रमिक परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि श्रमिक की दो बेटियों के विवाह के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान है।
विधायक ने कहा कि श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा उनके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। इसी तरह परिवार के स्वास्थ्य और पोषण पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से कार्यक्रम में हाइजीन एवं एजुकेशन किट तथा न्यूट्रिशन किट वितरित की गईं।
उन्होंने कहा कि विकासनगर विधानसभा क्षेत्र के श्रमिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ सुना जाएगा और उनके समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। पात्र श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य भी निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रशांत जैन, पूर्व प्रधान प्रवीण, ममता मुल्तानी, आकाश मुल्तानी सहित श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।
श्रमिक हमारे विकास की मजबूत नींव, उनके कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुन्ना सिंह चौहान
