विकासनगर। आर्य समाज मंदिर विकासनगर का 132वां वार्षिक उत्सव एवं वेद प्रचार सप्ताह हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। सप्ताहभर चले कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आर्य समाज के सदस्य, श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
।
समापन अवसर पर पुरोहित चंदन शास्त्री ने देव यज्ञ संपन्न कराया। वेदों के स्वस्तिवाचन एवं शांति प्रकरण के वैदिक मंत्रों से सत्संग भवन का वातावरण भक्तिमय हो गया। यजमानों के प्रति पुष्पवर्षा कर मंगलकामनाएं की गईं।
इसके बाद प्रसिद्ध वैदिक भजनोपदेशिका छवि सनातनी ने भजन एवं भक्तिमय संगीत की प्रस्तुति दी। ऋषि उद्यान, अजमेर से पहुंचे आचार्य अंकित प्रभाकर ने महर्षि दयानंद सरस्वती के जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए आर्य समाज की वैदिक विचारधारा और सामाजिक भूमिका पर विचार रखे।
आर्य उप प्रतिनिधि सभा देहरादून की जिला प्रधान सोनिका वालिया ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया तथा कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम में आर्य समाज के प्रधान नरेंद्र वर्मा सहित संरक्षक सदस्य, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
धनंजय प्रतियोगिता में गुरु नानक मिशन की हैट्रिक
आर्य समाज मंदिर में आयोजित धनंजय चल विजय उपहार प्रतियोगिता-2026 में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल, विकासनगर ने लगातार तीसरी बार प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता में गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल की कशिश ने प्रथम स्थान, द सैपियंस स्कूल हरबर्टपुर की राशि वशिष्ठ ने द्वितीय स्थान तथा द ऐनफील्ड स्कूल की प्रितिका कोठारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि आचार्य अंकित प्रभाकर रहे। निर्णायक मंडल में ज्योत्सना (अजमेर), छवि सनातनी (बिजनौर) और रेनू रानी (विकासनगर) शामिल रहीं।
शांति पाठ के साथ वार्षिक उत्सव का समापन किया गया। इसके बाद ऋषि लंगर और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई।
आर्य समाज विकासनगर का 132वां वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास से संपन्न, गुरु नानक मिशन ने लगातार तीसरी बार जीती ट्रॉफी
