
ओवररेटिंग समेत कई अनियमितताएं मिलीं, स्टॉक रजिस्टर और बैच नंबर में भी गड़बड़ी
देहरादून, शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब बिक्री यानी ओवररेटिंग और अन्य अनियमितताओं की लगातार मिल रही शिकायतों को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन की अलग-अलग मजिस्ट्रेट टीमों ने देर रात जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में शराब की दुकानों पर एक साथ सघन चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान अधिकारियों की टीमों ने शराब दुकानों में बिक्री के निर्धारित मूल्य, स्टॉक, बैच नंबर, स्टॉक रजिस्टर, सेल्समैन की वैधता, रेट लिस्ट तथा आबकारी विभाग के शिकायत नंबर सहित विभिन्न बिंदुओं की जांच की। छापेमारी के दौरान कई दुकानों पर ओवररेटिंग, स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं होने, अनधिकृत सेल्समैन मिलने तथा रेट लिस्ट चस्पा नहीं होने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।
आईएसबीटी की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत की पुष्टि
सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी और उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में माजरा, पटेलनगर और आसपास के क्षेत्रों में शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। आईएसबीटी स्थित शराब की दुकान की जांच के दौरान ओवररेटिंग की शिकायत की पुष्टि हुई।
जांच में दुकान पर रखी 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध अभिलेखों से मेल नहीं खा सके। इसके अलावा दुकान पर अनधिकृत सेल्समैन भी पाए गए। टीम को दुकान पर निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा हुई नहीं मिली। अधिकारियों ने स्टॉक और बिक्री से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की।
प्रेमनगर में स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला
उप जिलाधिकारी मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व में प्रेमनगर क्षेत्र और आसपास की शराब दुकानों पर भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रेमनगर स्थित एक शराब की दुकान का स्टॉक रजिस्टर अद्यतन नहीं पाया गया। दुकान पर अनधिकृत सेल्समैन भी मिले। टीम ने स्टॉक और संबंधित अभिलेखों की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की।
जाखन और राजपुर रोड में भी मिली अनियमितताएं
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद एवं हर्षिता सिंह के नेतृत्व में जाखन और राजपुर रोड क्षेत्र की शराब दुकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान कई दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला। कुछ दुकानों पर निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा नहीं थी और अनधिकृत सेल्समैन पाए गए।
इसके अलावा दुकानों पर आबकारी विभाग का शिकायत नंबर भी प्रदर्शित नहीं मिला। जांच के दौरान ओवररेटिंग के मामले भी सामने आए। टीम को विक्रेताओं की ओर से भी ओवररेटिंग से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नियमित रूप से होंगे औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, अनधिकृत व्यक्तियों द्वारा बिक्री और अभिलेखों में अनियमितता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने तथा अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन की इस देर रात चली कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओवररेटिंग और अन्य अनियमितताओं से संबंधित शिकायतों पर आगे भी आकस्मिक एवं सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
शराब की दुकानों पर डीएम का एक्शन, देर रात चला सघन छापेमारी अभियान
