एसएसपी दून की सख्ती का दिखा असर, सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने वाले चार युवक गिरफ्तार

विकासनगर। सार्वजनिक स्थानों पर झगड़ा कर शांति व्यवस्था भंग करने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ दून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों के क्रम में कोतवाली विकासनगर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर विवाद कर माहौल बिगाड़ने वाले चार युवकों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली विकासनगर पुलिस को सूचना मिली कि पेट्रोल पंप, विकासनगर के पास कुछ व्यक्तियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया है। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष सार्वजनिक स्थान पर झगड़ा करते हुए शांति व्यवस्था प्रभावित करने लगे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक समझाने के बावजूद दोनों पक्ष शांत नहीं हुए और कथित रूप से और अधिक उग्र होकर एक-दूसरे से मारपीट पर उतारू हो गए। मौके पर किसी संज्ञेय अपराध के घटित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए हुड़दंग कर रहे चार युवकों को हिरासत में लिया।
चार युवकों को लिया हिरासत में
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान साहिल पुत्र समीम, निवासी धर्मावाला, थाना सहसपुर, देहरादून, उम्र 21 वर्ष; मोहिन पुत्र अकरम, निवासी भट्टा रोड मुस्लिम बस्ती, विकासनगर, उम्र 25 वर्ष; गंभीर चौहान पुत्र कुंवर सिंह चौहान, निवासी व्यास नहरी, उम्र 35 वर्ष; तथा हारून पुत्र इस्लाम, निवासी सराये गली, भट्टा रोड, विकासनगर, उम्र 26 वर्ष के रूप में बताई गई है।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर शांति व्यवस्था प्रभावित करने और हुड़दंग की स्थिति पैदा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर रहेगी नजर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने, आपसी विवाद के जरिए शांति व्यवस्था प्रभावित करने तथा कानून-व्यवस्था के लिए खतरा पैदा करने वाले लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
कोतवाली विकासनगर पुलिस की इस कार्रवाई को इसी अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।