सिमोग में दशहरा पर्व समारोह में शामिल हुए संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज, शिलगुर विजट महाराज के किए दर्शन

सिमोग में दशहरा पर्व समारोह में शामिल हुए संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज, शिलगुर विजट महाराज के किए दर्शन



जौनसार-बावर की लोकसंस्कृति और पारंपरिक लोकनृत्यों ने मोहा मन, क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में भी हुए शामिल
विकासनगर (देहरादून)। उत्तराखंड सरकार के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज मंगलवार को जौनसार-बावर क्षेत्र के सिमोग पहुंचे। यहां उन्होंने आराध्य देव शिलगुर विजट महाराज के दर्शन कर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह दशहरा पर्व के अवसर पर आयोजित धार्मिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में शामिल हुए।
दशहरा पर्व के अवसर पर टौंस वैली युवा विकास समिति, ग्राम कोटी, खत विशायल की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और ढोल-दमाऊ की थाप पर प्रस्तुत किए जाने वाले लोकनृत्यों ने उत्सव की रौनक बढ़ाई।
विजयादशमी पर शिरगुल महाराज के आगमन का विशेष महत्व
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष विजयादशमी का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि सिरमौर और शिमला जिलों की सीमा पर स्थित सराहण और चूड़धार से आराध्य देव शिरगुल महाराज का विजयादशमी के अवसर पर जौनसार-बावर के सिमोग में आगमन हुआ है।
उन्होंने कहा कि शिरगुल महाराज के दर्शन के लिए उत्तराखंड के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और अन्य पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र की आस्था, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
जौनसारी संस्कृति और लोकपरंपराओं की दिखी झलक
सिमोग में आयोजित दशहरा उत्सव के दौरान जौनसार-बावर की विशिष्ट सांस्कृतिक परंपराएं देखने को मिलीं। स्थानीय लोग पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर कार्यक्रम में शामिल हुए। ढोल-दमाऊ की थाप पर प्रस्तुत लोकनृत्यों ने समारोह को आकर्षक बनाया।
इस प्रकार के आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी लोकसंस्कृति, रीति-रिवाजों और परंपराओं से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के उपरांत सतपाल महाराज ने कालसी क्षेत्र के हरिपुर स्थित जमुना कृष्णधाम पहुंचकर मां यमुना की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर भीम सिंह चौहान, जबर सिंह नेगी, डॉ. श्याम कुंवर, शांति चौहान, अमित नगी, गीता राम शर्मा, संत राम चौहान, सूरत सिंह चौहान, केशर सिंह चौहान और बीर सिंह चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
साभार: निशीथ सकलानी
मीडिया सलाहकार, सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड सरकार।