गौशाला का गेट तोड़कर नदी में फेंका, 550 खंभे भी क्षतिग्रस्त; लाखों के नुकसान से गौ रक्षकों में आक्रोश

गौशाला का गेट तोड़कर नदी में फेंका, 550 खंभे भी क्षतिग्रस्त; लाखों के नुकसान से गौ रक्षकों में आक्रोश
डाकपत्थर चौकी में दी शिकायत, कार्रवाई नहीं हुई तो धरने पर बैठने की चेतावनी; शासन-प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
देहरादून। हडोवाला स्थित शाकुंभरी गौशाला में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा की गई तोड़फोड़ और नुकसान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने गौशाला का गेट तोड़कर नदी में फेंक दिया और करीब 550 खंभे क्षतिग्रस्त कर दिए। घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने की बात कही जा रही है। नदी में फेंके गए गेट को बाद में उठाकर गौशाला में सुरक्षित रख लिया गया।

गौशाला अध्यक्ष सविता देवी और डॉ. प्रवीण शर्मा लंबे समय से अपने परिवार के साथ निराश्रित गायों की निस्वार्थ सेवा कर रहे हैं। घटना के तुरंत बाद सविता देवी ने 112 और 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना देने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराने के लिए संपर्क किया गया। क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान को भी घटना की जानकारी दी गई।
मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर डाकपत्थर पुलिस चौकी में प्रार्थना पत्र सौंपा गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के गौ रक्षक भी गौशाला पहुंचे। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान डॉ. प्रवीण शर्मा, राजेश कुमार, सविता रानी, बबीता चौहान सहित गौ रक्षक मौजूद रहे।
कार्रवाई नहीं हुई तो धरने पर बैठेंगे गौसेवक
गौशाला समिति ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। समिति का कहना है कि पुलिस क्या कार्रवाई करती है, यह तो समय ही बताएगा, लेकिन यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो गौशाला प्रबंधन और गौसेवा से जुड़े लोग धरने पर बैठने के लिए मजबूर होंगे।
समिति ने गौशाला की सुरक्षा बहाल करने और लाखों रुपये के नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन से आर्थिक सहायता की भी गुहार लगाई है।