विकासनगर: बरोटीवाला इंटर कॉलेज को मिली 72.33 लाख के आधुनिक पुस्तकालय भवन की सौगात, विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने किया लोकार्पण
विद्यार्थियों को मिलेगी बेहतर अध्ययन सुविधा, शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल
विकासनगर। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बरोटीवाला में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) की ओर से 72.33 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुस्तकालय भवन का विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने लोकार्पण किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं जरूरी हैं। पुस्तकालय विद्यार्थियों के ज्ञान, अध्ययन क्षमता और बौद्धिक विकास को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि विकासनगर विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। शिक्षा, सड़क, पेयजल सहित क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
नवनिर्मित पुस्तकालय भवन से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अध्ययन के लिए बेहतर स्थान और शैक्षणिक संसाधनों का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अनुज गुलेरिया, ग्राम प्रधान हिमांशु गौड़, गुरमेल राठौर, आशा चौहान, राजेंद्र, खंड शिक्षा अधिकारी विनीता कथैत, राहुल भारती, गोपाल सिंह, रीमा गुरु, सुरेश गुरु, विनीता गुरु, खुशीराम पंवार, प्रवेश चोपड़ा, नीलम, पूजा बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य निशा मंडल, महामंत्री सुनीता चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पुस्तकालय भवन को विद्यार्थियों के भविष्य और शिक्षा की बेहतरी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
