विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक मुन्ना सिंह चौहान द्वारा विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत भूमि पूजन एवं शुभारंभ किया गया।
इस क्रम में ग्राम पंचायत बादामावाला के श्री राम एनक्लेव में नहर से टीकम सिंह एवं विक्रम सिंह के घर तक तथा ग्राम छोटूवाला में खेड़ा पांचवा मंदिर से राजकुमार, मनोज थापा आदि के घर तक सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। इन दोनों सड़क निर्माण कार्यों की कुल लागत ₹26.55 लाख है, जिससे क्षेत्र में आवागमन की सुविधा सुदृढ़ होगी और स्थानीय निवासियों को सीधा लाभ प्राप्त होगा।
इसके उपरांत बारोटीवाला स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज में ₹61.48 लाख की लागत से बनने वाले पुस्तकालय भवन निर्माण कार्य का भी विधिवत भूमि पूजन किया गया। यह पुस्तकालय भवन विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त ज्ञान का सशक्त केंद्र बनेगा तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
साथ ही ग्राम सभा बाडवाला स्थित शहीद राजीव पुंडीर राजकीय इंटर कॉलेज में पुराने भवन के ऊपर ₹24.59 लाख की लागत से टीन शेड निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया, जो विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों, क्षेत्रवासियों एवं कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विधायक मुन्ना सिंह चौहान जी ने कहा कि विकासनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं।
