विकासनगर। प्रतिष्ठा सेवा समिति ट्रस्ट (पंजीकृत) द्वारा क्षेत्र में फलदार पेड़ों के लगातार हो रहे अवैध कटान एवं गोल्डन फॉरेस्ट से संबंधित भूमि विवादों को लेकर उपजिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि शंकरपुर हकुमतपुर स्थित खसरा संख्या 2270 में वर्ष 2024 में ट्रस्ट द्वारा कुल 162 फलदार पेड़ों की गिनती करवाई गई थी। उस दौरान लगभग 30 फलदार पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आने पर उद्यान विभाग के माध्यम से पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
इसके बाद वर्ष 2025 में भी उक्त भूमि पर लगभग 20 फलदार पेड़ों के अवैध कटान की शिकायत पर उद्यान विभाग द्वारा चालान की कार्रवाई की गई थी। ट्रस्ट का आरोप है कि इसके बावजूद क्षेत्र में फलदार पेड़ों का अवैध कटान लगातार जारी है। हाल ही में फिर से कटान की सूचनाएं मिलने पर तहसील प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में ग्राम धर्मावाला स्थित भूमि के एक पुराने विवाद का भी उल्लेख किया गया। ट्रस्ट के अनुसार वर्ष 1996 में उक्त भूमि मकसूद द्वारा उजाला फिनलीफ प्राइवेट लिमिटेड को बेची गई थी, जबकि उसी भूमि को वर्ष 2014 में तीन अन्य व्यक्तियों के नाम पुनः बेच दिया गया। बाद में उन व्यक्तियों द्वारा वर्ष 2016 में उक्त भूमि समीर खान पुत्र सिकंदर खान को बेच दी गई। ट्रस्ट ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
उपजिलाधिकारी विकासनगर ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर ट्रस्ट अध्यक्ष गिरीश चंद्र डालाकोटी, सुमित कुमार (पूर्व एनसीसी कैडेट), रिटायर्ड सूबेदार सतपाल, डॉ. दीपक, तरुण, जोशी, जवाहर शैली सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : पहाड़ से मैदान तक समाचार पत्र
“हमेशा सच्चाई को दिखाता है”

