आईएमए पासिंग आउट परेड को लेकर देहरादून में ट्रैफिक डायवर्जन, 13 जून को कई मार्ग रहेंगे प्रभावित
देहरादून, 11 जून। भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में 13 जून 2026 को आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने विशेष यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। परेड के दौरान आईएमए क्षेत्र को जीरो जोन घोषित किया जाएगा तथा कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को वैकल्पिक रास्तों से संचालित किया जाएगा।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 13 जून को प्रातः 5:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी।
प्रमुख यातायात व्यवस्थाएं
परेड के दौरान आईएमए की ओर किसी भी प्रकार का सामान्य यातायात नहीं जाएगा। पूरा क्षेत्र जीरो जोन रहेगा।
बल्लूपुर से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को रांघड़वाला तिराहे से मीठी बेरी मार्ग होते हुए प्रेमनगर भेजा जाएगा।
प्रेमनगर से शहर की ओर आने वाले छोटे वाहनों को एमटी गेट के अंदर से मीठी बेरी गेट और रांघड़वाला मार्ग के जरिए शहर की ओर भेजा जाएगा।
सेलाकुई और भाऊवाला क्षेत्र से आने वाले सभी भारी वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंघनीवाला और नया गांव मार्ग से शहर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
देहरादून से विकासनगर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शिमला बाईपास से डायवर्ट कर धर्मावाला होते हुए विकासनगर भेजा जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पूर्व वैकल्पिक मार्गों की जानकारी प्राप्त कर लें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
पुलिस के अनुसार यातायात दबाव और परिस्थितियों के अनुसार डायवर्जन अवधि में आवश्यकता पड़ने पर परिवर्तन किया जा सकता है। :::
