सहसपुर को मिली बड़ी सौगात, 13.62 करोड़ की लागत से बने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सहित तीन भवनों का लोकार्पण

देहरादून/सहसपुर। उत्तराखंड के कौशल विकास एवं सेवायोजन मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सहसपुर में युवाओं के कौशल विकास को नई दिशा देने वाले 13.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE), छात्रावास एवं बहुउद्देशीय हॉल का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि सहसपुर में स्थापित यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस प्रदेश के युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा। यहां युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप विश्वस्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में Schneider Electric, Phillips India और Festo India जैसी कंपनियों के सहयोग से इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, बिल्डिंग ऑटोमेशन, सोलर पीवी, सीएनसी मशीनिंग, मेकाट्रॉनिक्स और रोबोटिक्स जैसे अत्याधुनिक कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। अब तक यहां 130 प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनमें से 106 युवाओं को रोजगार भी मिला है।
कार्यक्रम के दौरान इलेक्ट्रिकल टेक्नोलॉजी से जुड़े 14 प्रशिक्षार्थियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। वहीं विदेशी रोजगार प्रकोष्ठ के माध्यम से 95 युवाओं को जापान और सऊदी अरब में रोजगार दिलाया गया है। एक युवती को जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में रोजगार हेतु नियुक्ति पत्र भी सौंपा गया।
लोकार्पित भवनों में लगभग 9.71 करोड़ रुपये की लागत से बना सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भवन, 2.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुउद्देशीय हॉल तथा 1.31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित छात्रावास शामिल हैं।