भाई दूज के अवकाश का फर्जी आदेश वायरल, शासन ने किया खंडन; दोषी के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई
देहरादून। उत्तराखंड में भाई दूज के अवकाश को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित सरकारी आदेश को शासन ने फर्जी और कूटरचित करार दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजेंद्र कुमार ने 9 नवंबर 2026 को महानिदेशक, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग को पत्र जारी कर इस संबंध में स्थिति स्पष्ट की है।
शासन द्वारा जारी पत्र के अनुसार सोशल मीडिया पर अज्ञात व्यक्ति ने 11 नवंबर 2026 को भाई दूज का अवकाश घोषित किए जाने का फर्जी आदेश प्रसारित किया है। जबकि सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना संख्या 1457, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 के अनुसार 19 अक्टूबर 2026 को महानवमी का अवकाश घोषित किया गया था।
शासन ने स्पष्ट किया है कि 11 नवंबर को भाई दूज के अवकाश से संबंधित वायरल आदेश पूरी तरह फर्जी एवं निराधार है। सचिव ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से इस फर्जी आदेश का खंडन प्रसारित करने का अनुरोध किया है।
साथ ही फर्जी सरकारी आदेश जारी करने वाले अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई है। शासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले सरकारी आदेशों की सत्यता जांचने के बाद ही उन पर भरोसा करने की अपील की है।
