“जन कल्याण शिविर में जुटे जनप्रतिनिधि और अधिकारी, विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने गिनाईं केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां”

जन कल्याण शिविर में विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने गिनाईं केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां, ब्लॉक प्रमुख नारायण ठाकुर और बीडीओ शक्ति प्रसाद रहे मौजूद
विकासनगर। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकासनगर ब्लॉक सभागार में आयोजित जन कल्याण शिविर में विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने सहभागिता की। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख नारायण ठाकुर, खंड विकास अधिकारी शक्ति प्रसाद, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, हर घर जल योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
ब्लॉक प्रमुख नारायण ठाकुर ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है और जनकल्याण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। वहीं खंड विकास अधिकारी शक्ति प्रसाद ने शिविर में उपस्थित लोगों को विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों की समस्याएं एवं सुझाव भी सुने गए। विधायक चौहान ने अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।