विकासनगर की डॉ. संगीता शर्मा बनीं मातृत्व की उम्मीद, 350 से अधिक सफल सर्जरी कर रचा सेवा का नया इतिहास
डॉक्टर दिवस विशेष:
सीमित संसाधनों के बीच भी सैकड़ों महिलाओं को दिया नया जीवन, दूर-दराज़ के पहाड़ी क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं के लिए बनीं भरोसे का नाम।
विकासनगर : डॉक्टर केवल मरीजों का इलाज ही नहीं करते, बल्कि कई बार उनके जीवन में नई उम्मीद और खुशियां भी लेकर आते हैं। विकासनगर की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (सीनियर गायनेकोलॉजिस्ट एवं सर्जन) डॉ. संगीता शर्मा ऐसी ही एक चिकित्सक हैं, जिन्होंने अपनी सेवा, समर्पण और मानवता से क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई है।
डॉ. संगीता शर्मा अब तक 350 से अधिक सफल स्त्री रोग एवं प्रसूति संबंधी सर्जरी कर चुकी हैं। विशेष बात यह है कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अनेक जटिल मामलों का सफल उपचार कर महिलाओं और उनके परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है।
विकासनगर ही नहीं, बल्कि जौनसार-बावर और उत्तराखंड के दूर-दराज़ पर्वतीय क्षेत्रों से भी गर्भवती महिलाएं सुरक्षित प्रसव की उम्मीद लेकर उनके पास पहुंचती हैं। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि डॉ. शर्मा हर मरीज को अपने परिवार का सदस्य मानकर पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ इलाज करती हैं। यही कारण है कि आज वे क्षेत्र की सबसे भरोसेमंद महिला चिकित्सकों में गिनी जाती हैं।
डॉक्टर दिवस के अवसर पर डॉ. संगीता शर्मा ने लोगों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा—
“हमारा शरीर ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी और पूजा है। इसकी कभी भी लापरवाही न करें। समय-समय पर अपनी और अपने परिवार की स्वास्थ्य जांच कराते रहें। स्वस्थ रहें, मस्त रहें और संतुलित जीवनशैली अपनाएं।”
आज डॉक्टर दिवस पर क्षेत्रवासियों ने भी डॉ. संगीता शर्मा को उनके उत्कृष्ट चिकित्सा कार्यों, समर्पण और मानव सेवा के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्ट :- सविता रानी
