संतला देवी मंदिर के पास नदी के टापू में फंसे सात लोगों का सफल रेस्क्यू, SDRF और पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
देहरादून। तहसील सदर क्षेत्र स्थित संतला देवी मंदिर के निकट नदी के बीच बने टापू में फंसे सात लोगों को एसडीआरएफ और कैंट थाना पुलिस ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार सिटी पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि संतला देवी मंदिर के पास नदी के टापू में कुछ लोग तेज बहाव के कारण फंस गए हैं। सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) ने एसडीआरएफ एवं कैंट थाना पुलिस को तत्काल मौके पर रवाना किया।
रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बचाव अभियान शुरू किया। नदी के तेज बहाव और अंधेरे के बावजूद टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए टापू में फंसे सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
समय रहते चलाए गए इस रेस्क्यू अभियान से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने एसडीआरएफ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए राहत एवं बचाव दल का आभार व्यक्त किया।
